हमारे बारे में >> हम कौन हैं ?
पालमपुर विज्ञान केन्द्र, पालमपुर जो कि हिमाचल प्रदेश राज्य सर्वप्रथम विज्ञान केन्द्र है, इसका उद्घाटन दिनांक 14 मई 2022 को माननीय श्री अनुराग ठाकुर, केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा मामले एवं खेल मंत्री, भारत सरकार द्वारा किया गया। इस अवसर पर माननीय श्री किशन कपूर, सांसद , कांगड़ा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, माननीय श्री आशीष बुटेल, विधायक पालमपुर और पालमपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती पूनम बाली ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज की । इस अवसर पर उपस्थित अन्य गणमान्य व्यक्तियों में सुश्री लिली पांडेया, संयुक्त सचिव, संस्कृति मंत्रालय; श्री ए. डी. चौधरी, महानिदेशक, राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (NCSM) ;श्री डी. रामा शर्मा, निदेशक, राष्ट्रीय विज्ञान केन्द्र, दिल्ली तथा श्री अभिषेक नारंग, उप सचिव, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार शामिल थे।
अपने उद्घाटन भाषण में, श्री ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के सभी छात्रों से आग्रह किया कि वे वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए पालमपुर विज्ञान केन्द्र का दौरा अवश्य करें। अपनी बात को समझाने के लिए उन्होंने खिलाड़ियों का उदाहरण दिया; उन्होंने आगे कहा कि विज्ञान के ज्ञान के बिना, खिलाड़ी भी सर्वोत्तम परिणाम प्राप्त नहीं कर सकते। उन्होंने राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद को यह सुझाव भी दिया कि वे इस केन्द्र में नई-नई सुविधाएं जोड़ते रहें; ऐसी ही एक नई सुविधा के रूप में एक 'तारामंडल' (Planetarium) जोड़ा जा सकता है।
राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (NCSM), जो भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अधीन एक स्वायत्त संगठन है, ने 'विज्ञान संस्कृति संवर्धन योजना' (SPoCS) के माध्यम से इस केन्द्र का विकास किया है। केन्द्र सरकार और हिमाचल प्रदेश सरकार की एक संयुक्त पहल के रूप में, इस परियोजना पर 9.0 करोड़ रुपये की लागत आई है। इस तरह के केन्द्रों को विकसित करने का मुख्य उद्देश्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी के विकास तथा उद्योग एवं मानव कल्याण के क्षेत्र में उनके अनुप्रयोगों को प्रदर्शित करना है, ताकि देश में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सोच का विकास किया जा सके; साथ ही, परिषद की गतिविधियों से संबंधित क्षेत्रों में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अनुसंधान कार्य भी किए जा सकें।
वर्तमान में, देश भर में 26 विज्ञान केन्द्र/विज्ञान संग्रहालय राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (NCSM) के प्रशासनिक नियंत्रण में कार्यरत हैं। पालमपुर विज्ञान केन्द्र, पालमपुर का रखरखाव और संचालन राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद, कोलकाता द्वारा-अपने उत्तरी क्षेत्रीय मुख्यालय, राष्ट्रीय विज्ञान केन्द्र, दिल्ली के माध्यम से-किया जाता है।


